सफायर फूड्स को तीसरी तिमाही में 4.8 करोड़ रुपये का घाटा

Ads

सफायर फूड्स को तीसरी तिमाही में 4.8 करोड़ रुपये का घाटा

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 06:22 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 06:22 PM IST

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) केएफसी और पिज्जा हट ब्रांड की फ्रेंचाइजी परिचालक सफायर फूड्स इंडिया को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 4.80 करोड़ रुपये का एकीकृत घाटा हुआ है। यह घाटा नए श्रम कानूनों के लागू होने और विलय से जुड़े खर्चों जैसे असाधारण मदों के कारण हुआ है।

कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को अक्टूबर-दिसंबर, 2025 तिमाही के इस नतीजे की सूचना दी। कंपनी ने एक साल पहले की समान तिमाही में 12.7 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

पिछले महीने कंपनी ने प्रतिद्वंद्वी क्यूएसआर शृंखला देवयानी इंटरनेशनल के साथ विलय की योजना की घोषणा की थी।

सफायर फूड्स ने दिसंबर तिमाही में 11.1 करोड़ रुपये का असाधारण व्यय दर्ज किया, जिसका मुख्य कारण नए श्रम संहिता को लागू करना था।

समीक्षाधीन तिमाही में असाधारण मदों और कर भुगतान से पहले कंपनी का मुनाफा 7.81 करोड़ रुपये था, जो सालाना आधार पर 53.5 प्रतिशत कम है।

हालांकि, दिसंबर तिमाही में इसका परिचालन राजस्व 7.57 प्रतिशत बढ़कर 813.82 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले की समान अवधि में 756.53 करोड़ रुपये था।

इस दौरान कंपनी की कुल एकीकृत आय 7.02 प्रतिशत बढ़कर 820.89 करोड़ रुपये हो गई।

भारत और श्रीलंका में परिचालन करने वाली सफायर फूड्स इंडिया का कुल खर्च दिसंबर तिमाही में 8.37 प्रतिशत बढ़कर 813.08 करोड़ रुपये हो गया।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम