भुई के अर्धशतक से बड़े स्कोर की बढ़ रहे आंध्र के खिलाफ मुकेश ने कराई बंगाल की वापसी

Ads

भुई के अर्धशतक से बड़े स्कोर की बढ़ रहे आंध्र के खिलाफ मुकेश ने कराई बंगाल की वापसी

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 07:25 PM IST

कल्याणी (पश्चिम बंगाल) छह फरवरी (भाषा) अनुभवी रिकी भुई की 83 रन की पारी से बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहे आंध्र के खिलाफ मुकेश कुमार (50 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से बंगाल ने शुक्रवार को यहां रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के पहले दिन के आखिरी ओवरों में दो विकेट झटक कर अच्छी वापसी की।

आंध्र ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट पर 264 रन बना लिये।

आंध्र के बल्लेबाजों ने दिन भर अच्छा संघर्ष किया लेकिन मुकेश, आकाश दीप और मोहम्मद शमी ने महत्वपूर्ण क्षणों विकेट चटकाते हुए मुकाबले को बराबरी पर रखा।

बंगाल के लिए मुकेश कुमार सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे, जिन्होंने 18 ओवरों में सिर्फ 50 रन खर्च किये और अहम मौकों पर महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन द्वारा छोटे स्पैल में इस्तेमाल किए गए इस तेज गेंदबाज ने आंध्र के तीन मुख्य बल्लेबाजों श्रीकर भारत (47), शेख रशीद (46) और भारतीय हरफनमौला नीतीश कुमार रेड्डी (33) को आउट किया।

आंध्र ने हर सत्र में दो-दो विकेट खोए, लेकिन उपयोगी साझेदारियों के दम पर टीम ने पारी को संभाला।

भरत को 38 रन पर जीवनदान मिला लेकिन मुकेश ने शमी के हाथों उन्हें आउट करा पहले विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी को तोड़ा।

राशीद ने इसके बाद भुई के साथ अच्छी साझेदारी की लेकिन लंच के बाद मुकेश ने अर्धशतक पूरा करने से पहले उन्हें चलता कर दिया।

आंध्र की टीम 147 रन तक चार विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही थी लेकिन भुई और रेड्डी ने पांचवें विकेट के लिए 108 रन जोड़े। ऐसा लग रहा था कि दोनों दिन के आखिर तक टीम को और कोई नुकसान नहीं होने देंगे तभी बंगाल ने ढलती रोशनी में पलट वार किया।

आकाश दीप (64 रन पर दो विकेट) ने 77वें ओवर की आखिरी गेंद पर भुई को आउट किया और इसके तीन गेंद के बाद मुकेश ने रेड्डी को पवेलियन भेजा।

शमी (38 रन पर एक विकेट) को एकमात्र सफलता सीआर ज्ञानेश्वर के विकेट के तौर पर मिली।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता