हिंदुस्तान लैबोरेटरीज, आरके स्टील को आईपीओ लाने के लिए सेबी की मंजूरी

हिंदुस्तान लैबोरेटरीज, आरके स्टील को आईपीओ लाने के लिए सेबी की मंजूरी

हिंदुस्तान लैबोरेटरीज, आरके स्टील को आईपीओ लाने के लिए सेबी की मंजूरी
Modified Date: May 1, 2026 / 04:53 pm IST
Published Date: April 30, 2026 8:37 pm IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) जेनेरिक दवा बनाने वाली कंपनी हिंदुस्तान लैबोरेटरीज और स्टील ट्यूब्स व पाइप विनिर्माता आरके स्टील मैन्युफैक्चरिंग कंपनी को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की मंजूरी मिल गई है। बाजार नियामक ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अपने आईपीओ के लिए जनवरी में प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल करने वाली दोनों कंपनियों को 27 अप्रैल को सेबी की टिप्पणियां प्राप्त हुईं।

हिंदुस्तान लैबोरेटरीज का आईपीओ 50 लाख नए शेयरों के निर्गम और प्रर्वतकों द्वारा 91 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। कंपनी इस राशि का उपयोग कार्यशील पूंजी की जरूरतों और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

यह कंपनी मुख्य रूप से सरकार को बड़े पैमाने पर जेनेरिक दवाओं की आपूर्ति करती है।

वहीं, आरके स्टील मैन्युफैक्चरिंग कंपनी का आईपीओ पूरी तरह से नए शेयरों का निर्गम होगा, जिसमें दो करोड़ तक इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और कोई ओएफएस नहीं होगा।

कंपनी इस राशि का उपयोग कर्ज चुकाने, कार्यशील पूंजी और सामान्य जरूरतों के लिए करेगी।

दोनों कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाएंगे।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में