सेबी ने ऋण प्रतिभूतियां जारी करने वाले नगर निकायों के लिए खुलासे की समयसीमा में दी ढील
सेबी ने ऋण प्रतिभूतियां जारी करने वाले नगर निकायों के लिए खुलासे की समयसीमा में दी ढील
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने मंगलवार को सूचीबद्ध नगर निकायों के लिए शेयर बाजारों को वित्तीय परिणाम पेश करने की समयसीमा में ढील दी है, जिससे उन्हें खुलासा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अधिक समय मिल गया है।
संशोधित व्यवस्था के तहत सूचीबद्ध नगर निकायों को अब पहली छमाही के अंत में 60 दिन के भीतर अर्धवार्षिक बिना ऑडिट वाले वित्तीय परिणाम जमा करने होंगे, जबकि पहले यह समयसीमा 45 दिन की थी।
एक परिपत्र के अनुसार, वार्षिक अंकेक्षित वित्तीय परिणाम लेखापरीक्षा रिपोर्ट के साथ वित्त वर्ष की समाप्ति से 90 दिन के भीतर जमा करने होंगे, जबकि पहले इसके लिए 60 दिन की सीमा तय थी।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड ने कहा कि डेटा संग्रह, अंतर-विभागीय समन्वय और खुलासा आवश्यकताओं को पूरा करने के दौरान नगर निकायों को पेश आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए समयसीमा में ढील दी गई है।
बाजार नियामक ने कहा कि यह संशोधन नगरपालिका ऋण प्रतिभूतियों के लिए नियामक ढांचे में आवश्यक बदलावों पर अगस्त, 2024 में गठित एक कार्य समूह की सिफारिशों के बाद किया गया है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


