वाशिंगटन, 12 अप्रैल (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बुधवार को यहां विश्व बैंक मुख्यालय में अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन की मेजबानी में आयोजित गोलमेज सम्मेलन में शामिल हुईं। बैठक में उन्होंने वैश्विक विकास चुनौतियों की परिभाषा पर आम सहमति बनाने की मांग की।
वित्त मंत्रालय ने ट्विटर पर लिखा कि गोलमेज सम्मेलन में शामिल सीतारमण ने बहुपक्षीय विकास बैंक के विकास से संबंधित दो मूलभूत मुद्दों- वैश्विक विकास चुनौतियों की परिभाषा पर आम सहमति बनाने और विश्व बैंक समूह की वित्तीय तथा परिचालन क्षमता में वृद्धि करने की बात कही।
वित्त मंत्री ने कहा कि बहुपक्षवाद की सच्ची भावना के अंतर्गत बहुपक्षीय विकास बैंक विकास संवाद को समावेशी, सर्वसम्मति-आधारित होना चाहिए और साथ ही सदस्य देशों के विकास के दृष्टिकोण और प्राथमिकताओं को पूरी तरह से पहचानना चाहिए।
मंत्रालय ने कहा, “वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि विश्व बैंक को फिर से जीवंत करने का आह्वान संस्था को ‘उद्देश्य के लिए उपयुक्त’ बनाने के लिए एक ऐतिहासिक अवसर प्रस्तुत करता है ताकि राष्ट्रीय और साथ ही वैश्विक विकास चुनौतियों, वर्तमान और भविष्य दोनों को देखते हुए सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके।”
गोलमेज बैठक में चर्चा जलवायु परिवर्तन, महामारी, विश्व बैंक में सुधार आदि विषयों पर केंद्रित रही।
भाषा अनुराग रमण
रमण