मुंबई, 13 फरवरी (भाषा) वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच शुक्रवार को धातु, सूचना प्रौद्योगिकी और जिंस शेयरों में भारी बिकवाली होने से घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 1,048 अंक लुढ़क गया जबकि निफ्टी 336 अंक टूटा।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,048.16 अंक यानी 1.25 प्रतिशत गिरकर 82,626.76 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,140.37 अंक लुढ़ककर 82,534.55 अंक के निचले स्तर तक आ गया था।
इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 336.10 अंक यानी 1.30 प्रतिशत टूटकर 25,471.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 362.9 अंक गिरकर 25,444.30 अंत तक आ गया था।
सेंसेक्स के समूह में शामिल 30 में से 28 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। हिंदुस्तान यूनिलीवर, इटर्नल, टाइटन, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में प्रमुख रूप से गिरावट रही।
दूसरी तरफ, केवल बजाज फाइनेंस और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर ही बढ़त में बंद हुए।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘आगामी अमेरिकी मुद्रास्फीति आंकड़ों से पहले कमजोर वैश्विक संकेतों और कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़ी आशंकाओं के कारण निवेशकों का रुख सतर्क रहा।’
नायर ने कहा कि एआई से भारतीय आईटी कंपनियों के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका के चलते भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा से उपजी सकारात्मक धारणा अब लुप्त हो चुकी है। इसके अलावा धातु शेयरों में मुनाफावसूली ने भी बाजार को दबाव में लाने का काम किया।
एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कंपोजिट, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक नुकसान में रहे।
यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख देखा जा रहा था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को दो प्रतिशत तक गिरकर बंद हुए थे।
इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 108.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीद की। घरेलू संस्थागत निवेशक भी 276.85 करोड़ रुपये के शुद्ध खरीदार रहे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.32 प्रतिशत बढ़कर 67.81 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 558.72 अंक गिरकर 83,674.92 अंक पर और निफ्टी 146.65 अंक टूटकर 25,807.20 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण