ईटानगर, 22 जुलाई (भाषा) लगातार बारिश की वजह से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के बाद अरुणाचल प्रदेश में और बारिश होने की आशंका है क्योंकि मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को पूर्वी कामेंग, अंजाव, तिरप और लोंगडिंग जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
पूर्वोत्तर राज्य के 25 जिलों में बाढ़ और जमीन खिसकने की घटनाओं में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, 29 लोग घायल हुए हैं और 1,49,378 लोग प्रभावित हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को पूर्वी कामेंग में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश होने की आशंका है।
विभाग ने बताया कि इसके अलावा अंजाव, तिरप और लोंगडिंग जिलों में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की आशंका है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रभावित ज़िलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और सड़क संपर्क बाधित होने की आशंका है।
राज्य के कई अन्य हिस्सों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है, जिनमें तवांग, पश्चिम कामेंग, कुरुंग कुमे, अपर सुबनसिरी, कामले, क्रा दादी, लोअर सुबनसिरी, पापुम पारे, पाक्के-केसांग, पश्चिम सियांग, लेपाराडा, लोअर सियांग, शि-योमी, दिबांग वैली, लोहित, नामसाई और चांगलांग शामिल हैं।
शुक्रवार को अंजाव में भारी बारिश का अलर्ट जारी रहेगा, जबकि लोअर सियांग और पापुम पारे में स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
भाषा
राखी रंजन
रंजन