उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 135 अंक टूटा, निफ्टी स्थिर

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 135 अंक टूटा, निफ्टी स्थिर

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 135 अंक टूटा, निफ्टी स्थिर
Modified Date: May 21, 2026 / 05:29 pm IST
Published Date: May 21, 2026 5:29 pm IST

मुंबई, 21 मई (भाषा) उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को शुरुआती तेजी जाती रही और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। प्रमुख कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स 135 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी में चार अंक की मामूली गिरावट आई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 135.03 अंक यानी 0.18 प्रतिशत टूटकर 75,183.36 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 75,945.79 अंक तक गया और नीचे में 74,996.78 अंक तक आया। यानी इसमें 949.01 अंक का उतार-चढ़ाव आया।

पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 23,654.70 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व और भारती एयरटेल के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और अदाणी पोर्ट्स शामिल हैं।

लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच वृहद आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता तथा उच्चस्तर पर मजबूत प्रतिरोध के कारण मानक सूचकांकों ने अपनी मजबूत शुरुआती बढ़त खो दी।’’

अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.48 प्रतिशत चढ़ा जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप सेलेक्ट लगभग अपरिवर्तित रहा।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को भी बाजार अस्थिर रहे और लगभग स्थिर बंद हुए। वैश्विक बाजार के मिले-जुले संकेतों के बीच समेकन का दौर जारी है। वैश्विक बाजारों में स्थिरता के चलते निफ्टी मजबूती से खुला। हालांकि, विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख शेयरों में बिकवाली के दबाव ने तेजी को सीमित कर दिया और कारोबार आगे बढ़ने के साथ ही सूचकांक धीरे-धीरे नीचे आ गया।’’

उन्होंने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की निरंतर निकासी, वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि और ईंधन की ऊंची कीमतों से उत्पन्न मुद्रास्फीति के दबाव को लेकर चिंताओं के कारण बाजार में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत टूटकर 104.3 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए। चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार बुधवार को काफी बढ़त के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,597.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 117.54 अंक चढ़कर 75,318.39 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 41 अंक बढ़कर 23,659 अंक पर रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में