(चार्ट के साथ)
मुंबई, 10 अप्रैल (भाषा) वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को बैंकों में तगड़ी खरीदारी आने से बढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स 918.60 अंक उछल गया जबकि निफ्टी में 275.50 अंक की बढ़त दर्ज की गईय़
विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट नरम पड़ने की संभावना, अमेरिका-ईरान वार्ता की उम्मीदें और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 918.60 अंक यानी 1.20 प्रतिशत चढ़कर 77,550.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 990.85 अंक उछलकर 77,622.50 के स्तर तक चला गया था।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 275.50 अंक यानी 1.16 प्रतिशत बढ़कर 24,050.60 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो), एक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ, सन फार्मा, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स ने कुल 4,230.7 अंक यानी 5.77 प्रतिशत की छलांग लगाई जबकि एनएसई निफ्टी में 1,337.5 अंक यानी 5.88 प्रतिशत की बढ़त रही।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, ‘पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद से तेल की कीमतें नरम हुईं, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा। इससे भारत जैसे उभरते बाजारों में निवेश के प्रति रुझान मजबूत हुआ।’
बीएसई पर सूचीबद्ध 3,360 कंपनियों के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 945 कंपनियों में गिरावट रही और 144 अन्य अपरिवर्तित रहे।
व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.64 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ जबकि मझोली कंपनियों का मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.50 प्रतिशत की बढ़त में रहा।
क्षेत्रवार सूचकांकों में वाहन खंड में सर्वाधिक 2.75 प्रतिशत की तेजी रही जबकि पूंजीगत उत्पाद खंड में 2.27 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता खंड में 2.20 प्रतिशत और औद्योगिक खंड में 2.19 प्रतिशत की बढ़त रही। इसके उलट, बीएसई आईटी और फोकस आईटी खंड नुकसान में रहे।
एक्विरस वेल्थ के प्रबंध निदेशक एवं व्यवसाय प्रमुख अंकुर पुंज ने कहा, ‘वैश्विक बाजारों में आई तेजी का असर भारतीय बाजार पर पड़ा, जहां बैंक, वाहन और रियल्टी शेयरों में जोरदार खरीदारी ने पूरे दिन बाजार में सकारात्मक माहौल बनाए रखा।’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोपीय बाजार भी सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.57 प्रतिशत बढ़कर 96.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 1,711.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 955.90 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
इससे पहले, बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 931.25 अंक गिरकर 76,631.65 और निफ्टी 222.25 अंक फिसलकर 23,775.10 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण