सनशाइन पिक्चर्स आईपीओ को पहले दिन 4.33 गुना बोलियां मिलीं

Ads

सनशाइन पिक्चर्स आईपीओ को पहले दिन 4.33 गुना बोलियां मिलीं

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 07:59 PM IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) फिल्म और टेलीविज़न प्रोड्यूसर-डायरेक्टर विपुल शाह की कंपनी सनशाइन पिक्चर्स लिमिटेड के आईपीओ को मंगलवार को बोली के पहले दिन गैर-संस्थागत और खुदरा निवेशकों की अगुवाई में 4.33 गुना बोलियां मिलीं।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, 282 करोड़ रुपये के आईपीओ में 54,86,051 शेयरों के मुकाबले 2,37,65,650 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।

गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) की श्रेणी को 6.23 गुना जबकि खुदरा श्रेणी के निवेशकों को 5.98 गुना बोलियां मिलीं। पात्र संस्थागत लिवालों (क्यूआईबी) के हिस्से को 3 प्रतिशत बोलियां प्राप्त हुईं।

सनशाइन पिक्चर्स लिमिटेड ने सोमवार को नौ एंकर निवेशकों से 84.64 करोड़ रुपये जुटाए थे।

कंपनी के आईपीओ का मूल्य दायरा 342-360 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इस निर्गम के लिए 20 अगस्त तक आवेदन दिए जा सकते हैं।

आईपीओ में 48 लाख इक्विटी शेयरों का ताजा निर्गम और 30.37 लाख इक्विटी शेयरों का बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। इससे कुल पेशकश का आकार 78.37 लाख शेयर का हो जाता है।

प्रवर्तक विपुल अमृतलाल शाह और शेफाली विपुल शाह ओएफएस के जरिए शेयर बेचेंगे। विपुल शाह 20.31 लाख शेयर बेचेंगे, जबकि शेफाली शाह 10.06 लाख शेयर बेचेंगी।

कंपनी ताजा निर्गम से मिलने वाली रकम में से 112.50 करोड़ रुपये तक का इस्तेमाल अपनी लंबी अवधि की कार्यशील पूंजी जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी और बाकी रकम का उपयोग सामान्य कंपनी कार्यो के लिए किया जाएगा।

सनशाइन पिक्चर्स के शेयर को 25 अगस्त को बीएसई और एनएसई दोनों पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण