नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) दीपा ज्वेलर्स लिमिटेड का शेयर मंगलवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद 177 रुपये के अपने निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब 10 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
बीएसई पर कंपनी के शेयर ने 221.05 रुपये पर कारोबार शुरू किया जो निर्गम मूल्य से 24.88 प्रतिशत अधिक है। अंत में यह 9.77 प्रतिशत की बढ़त के साथ 194.30 रुपये पर बंद हुआ।
एनएसई पर यह 24.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 221 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार में अंत में यह 9.81 प्रतिशत चढ़कर 194.37 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,867.70 करोड़ रुपये रहा।
दीपा ज्वेलर्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बृहस्पतिवार को बोली के अंतिम दिन करीब 43 गुना अभिदान मिला था।
कंपनी के 460 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 168-177 रुपये प्रति शेयर था।
दीपा ज्वेलर्स नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि का इस्तेमाल खरीद तथा रखरखाव सहित दीर्घकालिक कार्यशील पूंजी जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए करेगी।
वर्ष 2016 में स्थापित कंपनी संगठित क्षेत्र में कारोबार करने वाली कारोबार से कारोबार (बी2बी) आधार पर डिजाइनर, प्रसंस्करणकर्ता और हॉलमार्क वाले सोने के आभूषणों की आपूर्तिकर्ता है। मुख्य तौर पर इसका कारोबार तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरलम में फैला है।
भाषा निहारिका अजय
अजय