जापान ने चिप सामग्री पर चीन के कदम का किया विरोध

Ads

जापान ने चिप सामग्री पर चीन के कदम का किया विरोध

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:09 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:09 PM IST

बैंकॉक, आठ सितंबर (एपी) जापान ने कंप्यूटर चिप बनाने में इस्तेमाल होने वाले एक प्रमुख रसायन के निर्यात पर चीन की ओर से लगाई गई पाबंदियों का विरोध करते हुए कहा है कि वह जापानी कंपनियों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव का आकलन कर रहा है।

चीन ने जापान से डाइक्लोरोसिलेन (डीसीएस) के आयात पर रोक लगा दी है। चीन का कहना है कि जापान से इस सामग्री के निर्यात में एंटी-डंपिंग नियमों का उल्लंघन हो रहा है और इससे चीन के घरेलू उद्योग को नुकसान पहुंचा है।

मंगलवार से जापान से इस रसायन का आयात करने वाली कंपनियों को चीन के सीमा शुल्क विभाग के पास 99.2 प्रतिशत तक की दर से नकद जमा राशि देनी होगी। यह उपाय जापान के अन्य डीसीएस निर्यातकों के साथ-साथ शिन-एत्सु केमिकल और डेनल सिलेन पर भी लागू होगा।

चीन ने कहा है कि यह कदम फिलहाल अस्थायी है और इस मामले में जांच जारी है। अंतिम फैसला बाद में सुनाया जाएगा।

चीन और जापान के संबंध पिछले साल नवंबर से तनावपूर्ण हैं। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की टिप्पणी के बाद चीन नाराज हो गया था। ताकाइची ने कहा था कि अगर चीन ताइवान पर सैन्य बल का इस्तेमाल करता है तो जापान की सेना हस्तक्षेप कर सकती है। ताइवान एक स्वशासित द्वीप है, जिस पर चीन अपना क्षेत्र होने का दावा करता है।

तोक्यो में जापान सरकार के शीर्ष प्रवक्ता और मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने इन प्रतिबंधों पर विरोध जताते हुए कहा कि जापानी कंपनियों को अनुचित नुकसान से बचाने के लिए देश ‘‘उचित कदम उठाएगा।’’

चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने जापान के खिलाफ उठाए गए विभिन्न कदमों के तहत जापान से आयात होने वाले डीसीएस पर एंटी-डंपिंग जांच शुरू की है। चीन ने जापानी कंपनियों पर उन दोहरे उपयोग वाली वस्तुओं के निर्यात को लेकर भी नियंत्रण लगाए हैं, जिनका इस्तेमाल सैन्य उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है।

एपी आशीष पवनेश

पवनेश