हीरो मोटर्स का शेयर कारोबार के पहले दिन 17 प्रतिशत चढ़कर बंद

Ads

हीरो मोटर्स का शेयर कारोबार के पहले दिन 17 प्रतिशत चढ़कर बंद

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 05:33 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 05:33 PM IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) वाहन कलपुर्जा बनाने वाली कंपनी हीरो मोटर्स का शेयर कारोबार के पहले दिन बुधवार को कमजोर शुरुआत से उबरकर 17 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ।

बीएसई में कंपनी का शेयर 82.10 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो 84 रुपये के निर्गम मूल्य से 2.26 प्रतिशत कम है। हालांकि बाद में शेयर 17.27 प्रतिशत बढ़कर 98.51 रुपये पर बंद हुआ।

एनएसई में भी शेयर ने 82 रुपये पर शुरुआत की, जो निर्गम मूल्य से 2.38 प्रतिशत कम है। बाद में यह 17.14 प्रतिशत बढ़कर 98.40 रुपये पर बंद हुआ।

शेयर सूचीबद्धता के दिन कारोबार समाप्त होने पर कंपनी का बाजार मूल्यांकन 4,474.48 करोड़ रुपये रहा।

हीरो मोटर्स के 1,000 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन 6.66 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 79-84 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

आईपीओ में 600 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए गए, जबकि 400 करोड़ रुपये तक की शेयर बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल थी।

हीरो मोटर्स एक वाहन प्रौद्योगिकी कंपनी है जो अमेरिका, यूरोप, भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) क्षेत्र में वाहन विनिर्माताओं के लिए इंजीनियरिंग आधारित पावरट्रेन समाधान डिजाइन, विकसित, विनिर्मित और आपूर्ति करती है।

इसके ग्राहकों में बीएमडब्ल्यू एजी, डुकाटी मोटर होल्डिंग एसपीए, एनवीलो इंटरनेशनल इंक, फॉर्मूला मोटरस्पोर्ट लिमिटेड और हमिंगबर्ड ईवी शामिल हैं।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण