अलीगढ़ में 700 करोड़ रुपये के निवेश से बैटरी विनिर्माण परियोजना शुरू

Ads

अलीगढ़ में 700 करोड़ रुपये के निवेश से बैटरी विनिर्माण परियोजना शुरू

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 05:03 PM IST

अलीगढ़ (उप्र), 23 सितंबर (भाषा) बैटरी और इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण आधार तैयार करने के उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों के बीच राज्य में एक बैटरी विनिर्माण परियोजना शुरू की गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि अलीगढ़ में 700 करोड़ रुपये के निवेश से एक बैटरी विनिर्माण परियोजना शुरू की गई है।

मैक्सवोल्ट एनर्जी इंडस्ट्रीज लिमिटेड की इस परियोजना से प्रदेश के इलेक्ट्रिक वाहन एवं ऊर्जा भंडारण विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के मजबूत होने और 1,500 से 2,000 प्रत्यक्ष एवं 7,500 से 10,000 परोक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

अपर मुख्य सचिव (आधारभूत ढांचा एवं औद्योगिक विकास) आलोक कुमार ने कहा कि प्रदेश में बैटरी और ईवी विनिर्माण को लेकर एक औद्योगिक परिवेश तैयार करने के लिए इस स्तर की परियोजनाएं महत्वपूर्ण हैं।

कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक बैटरी एवं ईवी विनिर्माण आधार तैयार कर रहा है और इस स्तर की परियोजनाएं इस बात का संकेत देती हैं कि यह आधार किस तरह से आकार ले रहा है। राज्य की इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण एवं परिवहन नीति का निर्माण इसी तरह का निवेश आकर्षित करने के लिए किया गया है।

राज्य सरकार ने कहा कि यह परियोजना इस बात को दर्शाती है कि इलेक्ट्रिक वाहनो के विनिर्माण के लिए इसकी नीति के तहत निवेश आकर्षित हो रहा है।

कुमार ने राज्य में औद्योगिकीकरण की गति रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 के दौरान 4,500 इकाइयां चालू हुईं।

कुमार और कंपनी के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में अलीगढ़ में मैक्सवोल्ट एनर्जी के संयंत्र के लिए भूमि पूजन किया गया। यह संयंत्र करीब छह एकड़ में फैला है और दो चरणों में इसकी सालाना विनिर्माण क्षमता 10 गीगावाट घंटा की होगी।

भाषा सं राजेंद्र

शफीक अजय

अजय