होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स का शेयर पहले दिन के कारोबार में तीन प्रतिशत से अधिक टूटा

Ads

होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स का शेयर पहले दिन के कारोबार में तीन प्रतिशत से अधिक टूटा

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 04:50 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 04:50 PM IST

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स लिमिटेड का शेयर सोमवार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद तीन प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ बंद हुआ।

बीएसई पर कंपनी का शेयर निर्गम मूल्य 60 रुपये के मुकाबले 0.58 प्रतिशत टूटकर 59.65 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। दिन में यह 60.20 रुपये के उच्च तथा 56.60 रुपये के निचले स्तर तक पहुंचा। अंत में यह 3.41 प्रतिशत टूटकर 57.95 रुपये पर बंद हुआ।

वहीं एनएसई पर शेयर ने 0.41 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 60.25 रुपये पर शुरुआत की। कारोबार के अंत में यह तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ 58.16 रुपये पर रहा।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 16,706.42 करोड़ रुपये रहा।

होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह बुधवार को बोली के अंतिम दिन 1.45 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 2,600 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 57-60 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

ब्लैकस्टोन समर्थित होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स लिमिटेड ने बड़े (एंकर) निवेशकों से 1,168 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

कंपनी आईपीओ से मिली राशि का मुख्य रूप से कर्ज चुकाने के लिए इस्तेमाल करेगी।

होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स औद्योगिक और लॉजिस्टिक बुनियादी ढांचे के विकास, स्वामित्व और संचालन का काम करती है। इसके पास 10 शहरों में 46 परिसंपत्तियों वाला करीब छह करोड़ वर्ग फुट का खंड है।

भाषा निहारिका अजय

अजय