नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) कॉर्डेलिया क्रूज का संचालन करने वाली वाटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड का शेयर अपने निर्गम मूल्य 808 रुपये के मुकाबले करीब 16 प्रतिशत की गिरावट के साथ बुधवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर कंपनी का शेयर 808 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 14.60 प्रतिशत टूटकर 690 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
एनएसई पर शेयर 681 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो निर्गम मूल्य से 15.71 प्रतिशत कम है।
कंपनी का बाजार पूंजीकरण 5,131.69 करोड़ रुपये रहा।
वाटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड के 585 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को गत बृहस्पतिवार को बोली के अंतिम दिन पूर्ण अभिदान मिला था। आईपीओ को कुल 1.46 गुना अभिदान मिला था। इसके लिए मूल्य दायरा 769-808 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।
सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह 72 लाख नए शेयर पर आधारित था जिसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई घटक नहीं था।
कंपनी की योजना आईपीओ से प्राप्त राशि का उपयोग अपनी बेक्रूज़ शिपिंग एंड लीजिंग (आईएफएससी) प्राइवेट लिमिटेड के लिए पट्टा देय राशि के भुगतान तथा सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करने की है।
भाषा निहारिका
निहारिका