अमेरिका ने रूस से संबंधित प्रतिबंध सूची से चार भारतीय कंपनियों के नाम हटाए

Ads

अमेरिका ने रूस से संबंधित प्रतिबंध सूची से चार भारतीय कंपनियों के नाम हटाए

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 01:01 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 01:01 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, एक जुलाई (भाषा) अमेरिका ने उन चार भारतीय कंपनियों के नाम अपनी प्रतिबंध सूची से हटा दिए हैं, जिन पर रूस के सैन्य-औद्योगिक अड्डे को उन्नत तकनीक और उपकरणों की आपूर्ति करने का आरोप था।

इन कंपनियों के नाम अमेरिकी वित्त विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) की विशेष रूप से नामित नागरिक और प्रतिबंधित व्यक्तियों (एसडीएन) की सूची से हटा दिए गए हैं।

अमेरिकी वित्त मंत्रालय द्वारा मंगलवार को साझा की गई जानकारी के अनुसार, इन चार कंपनियों में हैदराबाद स्थित आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और लोकेश मशीन्स लिमिटेड, अहमदाबाद स्थित गैलेक्सी बियरिंग्स और नयी दिल्ली स्थित शौर्य एयरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।

अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में गैलेक्सी बियरिंग्स लिमिटेड पर प्रतिबंध लगाया था और उस पर रोलर बियरिंग्स एवं रोलर असेंबली सहित दर्जनों उच्च प्राथमिकता वाले दोहरे उपयोग उपकरणों को रूसी संस्थाओं को निर्यात करने का आरोप लगाया था।

शौर्य एयरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड पर रूस को राडार उपकरण, रेडियो नौवहन सहायता उपकरण, रेडियो रिमोट कंट्रोल उपकरण और इलेक्ट्रिकल उपकरण की खेप भेजने का आरोप था।

अमेरिका ने आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज पर रूस की आर्टेक्स लिमिटेड कंपनी को माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स की 100 से ज्यादा खेप भेजने का आरोप लगाया था जो एसडीएन-सूची में शामिल है।

लोकेश मशीन्स पर रूस की कई विनिर्माण कंपनियों को मशीन टूल्स की कई खेप भेजने का आरोप लगा था।

भाषा सुरभि पवनेश

पवनेश