सिक्किम के मुख्यमंत्री ने 2026-27 के लिए 19,215 करोड़ रुपये का बजट पेश किया

Ads

सिक्किम के मुख्यमंत्री ने 2026-27 के लिए 19,215 करोड़ रुपये का बजट पेश किया

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 09:21 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 09:21 PM IST

गंगटोक, 20 जुलाई (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोमवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 19,215 करोड़ रुपये का बजट पेश किया।

बजट में बुनियादी ढांचे के विकास और सामाजिक कल्याण योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है।

वित्त विभाग का भी प्रभार संभाल रहे तमांग ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य के राजस्व में वृद्धि, विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन तथा केंद्र सरकार और बाहरी सहायता प्राप्त परियोजनाओं से अतिरिक्त संसाधन जुटाकर सार्वजनिक निवेश में उल्लेखनीय विस्तार किया है।

विधानसभा के चार दिवसीय सत्र के पहले दिन बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 19,215 करोड़ रुपये के सकल व्यय का प्रस्ताव रखा। वसूली को समायोजित करने के बाद शुद्ध व्यय 18,455 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।

तमांग ने कहा, ‘‘बजट का वित्तपोषण सिक्किम के अपने राजस्व, केंद्र सरकार से प्राप्त हस्तांतरण और विवेकपूर्ण उधारी के माध्यम से किया जाएगा। इसमें सुशासन, बुनियादी ढांचा विकास और सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता दी गई है।’’

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्व व्यय का अनुमान 11,733 करोड़ रुपये है, जबकि ऋण और अग्रिम को छोड़कर पूंजीगत व्यय के लिए 5,896 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए केंद्र प्रायोजित योजनाओं में अपने हिस्से के रूप में 2,460 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

भाषा योगेश अजय

अजय