नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 1,800 रुपये घटकर 2.45 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं, जबकि सोना घटकर 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी शुक्रवार के 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से 1,800 रुपये या लगभग एक प्रतिशत घटकर 2,45,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 300 रुपये घटकर 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गया। पिछले बाजार सत्र में सोने की कीमत 1,55,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सप्ताहांत में अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम पर बातचीत बेनतीजा रहने के बाद सोमवार को बहुमूल्य धातु के दाम नीचे खुले।’’
उन्होंने कहा कि बातचीत में रुकावट से बाजार धारणा पर असर पड़ा तथा डॉलर एवं बॉन्ड प्रतिफल में सुधार हुआ।
डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर जयंती के कारण मंगलवार को सर्राफा बाजार बंद रहेंगे।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट आई। हाजिर चांदी 1.58 डॉलर या 2.09 प्रतिशत टूटकर 74.31 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि सोना 25.92 डॉलर टूटकर 4,722.26 डॉलर प्रति औंस रह गया।
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष, शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा कि अमेरिका, होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के लिए सेना की तैनाती और रास्ते को 100 प्रतिशत बंद करने पर विचार कर सकता है, ऐसी खबरों के बाद सोने में मुनाफावसूली देखी गई, जिससे लंबे समय तक रुकावट और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होने की चिंता बढ़ गई।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय