कमजोर वैश्विक संकेतों से चांदी की वायदा कीमतों में गिरावट

Ads

कमजोर वैश्विक संकेतों से चांदी की वायदा कीमतों में गिरावट

  •  
  • Publish Date - March 11, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - March 11, 2026 / 06:31 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद डॉलर के मजबूत होने से बहुमूल्य धातुओं की कीमतों पर दबाव के कारण वायदा कारोबार में बुधवार को चांदी की कीमत 4,269 रुपये की गिरावट के साथ 2,73,581 रुपये प्रति किग्रा रह गई।

मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज में चांदी के अप्रैल महीने में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 4,269 रुपये यानी 1.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,73,581 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। इसमें 5,839 लॉट का कारोबार हुआ।

विश्लेषकों ने कहा कि चांदी पर दबाव बना रहा, क्योंकि निवेशकों ने अपना ध्यान अमेरिकी डॉलर की ओर मोड़ दिया है। अमेरिकी डॉलर की चाल अक्सर कीमती धातुओं जैसी गैर-लाभकारी संपत्तियों की मांग को प्रभावित करती है।

वैश्विक स्तर पर, मई अनुबंध वाले कॉमेक्स चांदी वायदा की कीमत 2.03 डॉलर या 2.3 प्रतिशत टूटकर 87.55 डॉलर प्रति औंस रह गई।

ऑग्मोंट की शोध प्रमुख, रेनिशा चैनानी ने कहा, ‘‘चांदी की कीमतें इस समय कई तरह के वृहद आर्थिक कारकों से प्रभावित हो रही हैं। एक तरफ, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित-निवेश वाली संपत्तियों की मांग बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर, डॉलर के मजबूत होने तथा बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी के कारण चांदी की कीमतों में ज्यादा उछाल नहीं आ पा रहा है।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय