वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण चांदी 5,900 रुपये चढ़ी, सोना भी मजबूत
वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण चांदी 5,900 रुपये चढ़ी, सोना भी मजबूत
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) मजबूत वैश्विक रुख और सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्तियों की खरीदारी जारी रहने से बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में दो प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई। चांदी 2.77 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर और सोना 1.64 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी मंगलवार के 2,72,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से 5,900 रुपये या दो प्रतिशत बढ़कर 2,77,900 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) हो गई।
लगातार पांचवें सत्र में अपनी बढ़त जारी रखते हुए, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,000 रुपये या लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 1,64,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) हो गया। पिछले सत्र में यह 1,63,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ शोध विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘अमेरिकी व्यापार नीति को लेकर लगातार अनिश्चितता और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण कीमती धातुओं में सुरक्षित निवेश के लिए खरीदारी का धन प्रवाह बना रहा, जिससे बुधवार को सोने में मामूली बढ़त बनी रही।’’
उन्होंने कहा कि शुल्क से जुड़ी मौजूदा अनिश्चितता, साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ज्यादा शुल्क लगाने की नई धमकियों ने वित्तीय बाजार को किनारे पर रखा है और सोने जैसे सुरक्षात्मक आस्तियों के लिए निवेशकों की मांग को मज़बूत किया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 3.13 डॉलर या 3.59 प्रतिशत बढ़कर 90.30 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 5,181.46 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
मिराए एसेट शेयरखान के जिंस और मुद्रा के प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘मंगलवार की बिकवाली में हाजिर सोने को हुए ज़्यादातर नुकसान की भरपाई हो गई है, जो सकारात्मक जोखिम लेने की धारणा और मज़बूत डॉलर की वजह से हुआ था।’’
इस बीच, अमेरिका और ईरान बृहस्पतिवार को जिनेवा में तीसरे दौर की बातचीत करने वाले हैं।
ऑगमोंट में शोध प्रमुख, रेनिशा चैनानी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही कूटनीतिक बातचीत और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अनिश्चितता वैश्विक बाजार में भू-राजनीतिक जोखिम को बनाए हुए है, जिससे सर्राफा की कीमतों को और समर्थन मिल रहा है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


