सिंगापुर के प्रधानमंत्री भारतीय मंत्रियों से मिले, द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर हुई चर्चा
सिंगापुर के प्रधानमंत्री भारतीय मंत्रियों से मिले, द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर हुई चर्चा
सिंगापुर, 20 अगस्त (भाषा) सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक (आईएसएमआर) से पहले यहां आए भारतीय मंत्रियों से बृहस्पतिवार को मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए सिंगापुर पहुंचे हैं।
वोंग ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि आईएसएमआर शुरू होने से पहले सीतारमण, जयशंकर, गोयल और प्रसाद से मिलकर खुशी हुई।
नेताओं ने चर्चा की कि सिंगापुर और भारत किस तरह ‘‘आईएसएमआर के माध्यम से हुई अच्छी प्रगति को आगे बढ़ा सकते हैं’’ और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे ले जा सकते हैं। इसमें खास तौर पर उन्नत विनिर्माण, डिजिटलीकरण, स्थिरता और संपर्क पर ध्यान दिया गया।
वोंग ने कहा कि चर्चा में क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम भी शामिल रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘सिंगापुर और भारत के बीच लंबे समय से और लगातार मजबूत होती साझेदारी है। मैं मंत्रियों की सफल यात्रा और आईएसएमआर में सार्थक चर्चा की कामना करता हूं।’’
सिंगापुर सरकार के बयान के अनुसार, आईएसएमआर दोनों देशों के बीच नए एवं उभरते क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंत्रिस्तरीय मंच है।
विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय ने संयुक्त बयान में कहा कि चौथी आईएसएमआर बैठक अगस्त 2025 में नयी दिल्ली में आयोजित तीसरी बैठक के दौरान हुई प्रगति की समीक्षा करेगी। साथ ही सिंगापुर-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी की रूपरेखा को लागू करने की दिशा में नए अवसरों की पहचान करेगी।
सीतारमण भारतीय प्रतिनिधिमंडल का और सिंगापुर के उप प्रधानमंत्री तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्री (व्यापार) गान किम योंग चौथी गोलमेज बैठक में सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल में गृह मामलों के मंत्री के. षणमुगम, विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन, डिजिटल विकास एवं सूचना मंत्री जोसेफिन टीओ तथा परिवहन मंत्री एवं दूसरे वित्त मंत्री जेफरी सिओ भी शामिल हैं।
वर्ष 2022 में स्थापित आईएसएमआर द्विपक्षीय आर्थिक और रणनीतिक सहयोग के विस्तार पर चर्चा के लिए एक प्रमुख मंच है।
आईएसएमआर की पहली बैठक सितंबर 2022 में नयी दिल्ली में हुई थी। इसके बाद दूसरी बैठक अगस्त 2024 में सिंगापुर में और तीसरी बैठक पिछले साल अगस्त में नयी दिल्ली में हुई थी।
सिंगापुर भारत का एक प्रमुख आर्थिक साझेदार और निवेश का बड़ा स्रोत बना हुआ है।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा

Facebook


