स्पाइसजेट ने काल एयरवेज विवाद में 50 करोड़ रुपये जमा करने के लिए समय मांगा
स्पाइसजेट ने काल एयरवेज विवाद में 50 करोड़ रुपये जमा करने के लिए समय मांगा
नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) स्पाइसजेट एवं उसके प्रवर्तक अजय सिंह ने मीडिया दिग्गज कलानिधि मारन तथा काल एयरवेज के साथ चल रहे कानूनी विवाद के सिलसिले में अदालत की रजिस्ट्री में 50 करोड़ रुपये जमा करने के लिए सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय से और समय मांगा।
न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद ने मामले को 21 सितंबर के लिए सूचीबद्ध कर दिया। इस तारीख को मुख्य मामला पहले से ही सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है।
स्पाइसजेट के वकील ने कहा कि एयरलाइन को जून में केंद्र सरकार से आपातकालीन ऋण सहायता की पहली किस्त मिली थी और इस राशि का इस्तेमाल परिचालन के लिए किया गया।
एयरलाइन की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने कहा कि कंपनी को सरकार से दूसरी किस्त मिलने की उम्मीद थी, लेकिन यह अभी तक नहीं मिली है। उन्होंने 50 करोड़ रुपये की पहली किस्त जमा करने के लिए 27 अगस्त से चार सप्ताह का और समय मांगा।
इस पर न्यायमूर्ति प्रसाद ने कहा कि वह सोमवार को कोई आदेश पारित नहीं कर रहे हैं और आवेदन को 21 सितंबर के लिए सूचीबद्ध कर दिया।
भाषा अजय पाण्डेय प्रेम
प्रेम

Facebook


