मुंबई, दो मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बीच निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को तेज गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,048 अंक का गोता लगा गया जबकि एनएसई निफ्टी 313 अंक के नुकसान में रहा।
वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी पूंजी निकासी से भी निवेशकों की धारणा पर प्रतिकूल असर पड़ा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,743.46 अंक यानी 3.37 प्रतिशत टूटकर 78,543.73 अंक पर आ गया था। बाद में यह 1,048.34 अंक यानी 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,238.85 अंक पर बंद हुआ।
इसी तरह, कारोबार के दौरान 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 575.15 अंक यानी 2.28 प्रतिशत का गोता लगाकर 24,603.50 अंक पर आ गया था। बाद में यह 312.95 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,865.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, लार्सन एंड टुब्रो, अदाणी पोर्ट्स, मारुति, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई।
केवल भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा और आईटीसी के शेयर लाभ में रहे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत में 8.34 प्रतिशत की तेजी आई और यह 78.95 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि पश्चिम एशिया में गहराते सैन्य संघर्ष के साथ कच्चे तेल की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि के बीच भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।
ईरानी सरकारी मीडिया ने रविवार को कहा कि अमेरिका-इजराइल के शनिवार तड़के तेहरान पर हुए हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गयी है।
ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता की हत्या के विरोध में इजराइल और पश्चिम एशिया के अन्य देशों पर हमले किये हैं।
व्यापक बाजार में बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.81 प्रतिशत का गोता लगाया, जबकि मिडकैप 1.67 प्रतिशत के नुकसान में रहा।
बीएसई में सूचीबद्ध 3,561 शेयरों में गिरावट आई जबकि 821 शेयर लाभ में रहे। वहीं 146 शेयर के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।
एशियाई बाजारों में, जापान का निक्की, हांगकांग का हैंग सेंग नुकसान में रहे, जबकि शंघाई का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहा। दक्षिण कोरिया में अवकाश के कारण शेयर बाजार बंद रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में भारी गिरावट देखी गई। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजारों को अस्थिर कर दिया है। ईरान के सर्वोच्च नेता की हत्या के मद्देनजर स्थिति के बिगड़ने को लेकर चिंताएं हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और कमजोर भारतीय मुद्रा तेल आपूर्ति में संभावित व्यवधानों को लेकर चिंता को दर्शाती है। इससे भारत में मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ सकता है और राजकोषीय व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। साथ ही ऊर्जा और रसायन पर निर्भर क्षेत्रों के मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है।’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 7,536.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,292.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
शुक्रवार को सेंसेक्स 961.42 अंक टूटा था। जबकि निफ्टी 317.90 अंक के नुकसान में रहा था।
होली के अवसर पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे।
भाषा रमण अजय
अजय