स्विगी ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बढ़ाईं
स्विगी ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बढ़ाईं
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) खाद्य एवं पेय पदार्थों की आपूर्ति करने वाले ऑनलाइन मंच स्विगी ने इंस्टामार्ट और फूड मार्केटप्लेस कारोबार में तीन वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बढ़ाने की मंगलवार को घोषणा की।
हिमवंत कूर्नाला को इंस्टामार्ट का मुख्य वृद्धि एवं उत्पाद अधिकारी, नितेश गर्ग को इंस्टामार्ट का मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी और सौरव गोयल को फूड मार्केटप्लेस का मुख्य परिचालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्तियां हाल में स्विगी द्वारा की गई नेतृत्व संबंधी नियुक्तियों के बाद हुई हैं। उस समय नंदिता सिन्हा को इंस्टामार्ट का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और गौतम स्वरूप को इंस्टामार्ट का मुख्य कारोबार अधिकारी नियुक्त किया गया था।
स्विगी के अनुसार, इस साल की शुरुआत में स्वप्निल बाजपेयी को स्विगी के डाइनआउट तथा सीन्स कारोबार का सीईओ बनाया गया था। सिद्धार्थ भाकू स्विगी फूड मार्केटप्लेस के मुख्य कारोबार अधिकारी के पद पर बने हुए हैं।
इंस्टामार्ट के मुख्य वृद्धि एवं उत्पाद अधिकारी कूर्नाला ने 2024 से क्विक कॉमर्स मंच के उत्पाद संबंधी कामकाज का नेतृत्व किया है। बाद में उन्हें वृद्धि और ब्रांड विपणन की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई थी।
इंस्टामार्ट के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी गर्ग स्विगी में सात साल से अधिक समय से हैं। इससे पहले वह इंस्टामार्ट और नई पहलों के लिए इंजीनियरिंग का नेतृत्व करने वाले वरिष्ठ उपाध्यक्ष थे।
फूड मार्केटप्लेस के मुख्य परिचालन अधिकारी गोयल ने 2020 में स्विगी से जुड़ने के बाद कई नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई हैं। इनमें फूड, इंस्टामार्ट और हाल में ‘ड्राइवर’ एवं ‘डिलिवरी’ उत्पाद तथा परिचालन से जुड़े कारोबार का वित्तीय प्रबंधन शामिल है।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


