टाटा संस की एजीएम कोरम पूरा न होने से स्थगित
टाटा संस की एजीएम कोरम पूरा न होने से स्थगित
मुंबई, 18 अगस्त (भाषा) नमक से लेकर सॉफ्टवेयर तक के कारोबार में सक्रिय टाटा समूह की मूल कंपनी टाटा संस की मंगलवार को होने वाली अहम वार्षिक आम बैठक (एजीएम) कोरम पूरा नहीं होने के कारण स्थगित करनी पड़ी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा कि सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और सर रतन टाटा ट्रस्ट (एसआरटीटी) इस बैठक में शामिल नहीं हो सके। दोनों ट्रस्ट मिलकर टाटा संस में एक प्रतिनिधि नामित करते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, एजीएम के लिए जरूरी न्यूनतम संख्या में सदस्य मौजूद नहीं होने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी।
टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब दो-तिहाई हिस्सेदारी है। एसडीटीटी और एसआरटीटी व्यापक टाटा ट्रस्ट समूह में शामिल प्रमुख संस्थाओं में से हैं।
महाराष्ट्र चैरिटी कमिश्नर के आदेश के कारण एसआरटीटी पर कुछ प्रतिबंध लगे हुए हैं। चैरिटी कमिश्नर ने इस ट्रस्ट को कोई बड़ा निर्णय लेने या बैठक करने से बचने को कहा है।
टाटा संस की एजीएम बैठक इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही थी कि मौजूदा चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने पिछले सप्ताह ही ऐलान किया था कि वह अगले साल फरवरी में कार्यकाल समाप्त होने के बाद दोबारा नियुक्ति के लिए अपना नाम आगे नहीं करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, टाटा संस के निदेशकों में से चंद्रशेखरन और अनिता जॉर्ज दक्षिण मुंबई स्थित समूह मुख्यालय बॉम्बे हाउस में मौजूद थे, जबकि टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन बैठक में ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


