टाटा मोटर्स का वैश्विक विस्तार पर जोर, शीर्ष चार वाणिज्यिक वाहन कंपनी बनने का लक्ष्य: चंद्रशेखरन

Ads

टाटा मोटर्स का वैश्विक विस्तार पर जोर, शीर्ष चार वाणिज्यिक वाहन कंपनी बनने का लक्ष्य: चंद्रशेखरन

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 07:51 PM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 07:51 PM IST

नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता टाटा मोटर्स लिमिटेड के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा है कि कंपनी अगले पांच वर्षों में वैश्विक विस्तार पर ध्यान देगी और उभरते क्षेत्रों में नेतृत्व हासिल करने के साथ अपने मजबूत खंड में शीर्ष स्थान बनाए रखेगी।

चंद्रशेखरन ने गोवा में आयोजित ‘कमर्शियल व्हीकल (सीवी) डीलर बिजनेस प्लानिंग मीट 2026’ को संबोधित करते हुए कहा कि टाटा मोटर्स मजबूत मात्रा वृद्धि के दम पर अगले तीन-चार वर्षों में विभिन्न वाणिज्यिक वाहन खंड में अपनी नेतृत्व स्थिति और मजबूत करेगी।

उन्होंने कहा कि टाटा समूह का वाहन कारोबार अब वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन चुका है और अकेले यह खंड ही करीब 80 अरब डॉलर का राजस्व हासिल करने की ओर अग्रसर है, जबकि 2017 में पूरे समूह का राजस्व 100 अरब डॉलर था।

चंद्रशेखरन ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य एकदम स्पष्ट है। हम सही मायनों में एक वैश्विक और प्रभावशाली वाणिज्यिक वाहन कंपनी बनना चाहते हैं।’

उन्होंने कहा कि आइवेको के अधिग्रहण की प्रक्रिया से कंपनी को उन्नत तकनीक तक पहुंच, नए वैश्विक बाजारों में विस्तार और उत्पाद क्षमताओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इस अधिग्रहण के बाद टाटा मोटर्स वैश्विक स्तर पर शीर्ष चार वाणिज्यिक वाहन विनिर्माताओं में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

इस अधिग्रहण के लिए नियामकीय मंजूरियां फिलहाल जारी हैं और 2026-27 की दूसरी तिमाही तक यह सौदा पूरा होने की उम्मीद है।

भाषा प्रेम प्रेम योगेश

प्रेम