वाशिंगटन, पांच जून (एपी) अमेरिका में मई महीने में रोजगार बाजार ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया और नियोक्ताओं ने 1,72,000 नई नौकरियां जोड़ीं, जिससे यह संकेत मिला कि बढ़ती लागत और ईरान युद्ध से जुड़े आर्थिक दबाव के बावजूद श्रम बाजार में मजबूती बनी हुई है।
अमेरिकी श्रम विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले महीने नौकरी मिलने की रफ्तार अप्रैल के संशोधित आंकड़े (1,79,000) से थोड़ी कम रही है। हालांकि, बेरोजगारी दर 4.3 प्रतिशत के निम्न स्तर पर स्थिर बनी रही।
रिपोर्ट के अनुसार, इस साल रोजगार वृद्धि में सुधार देखा गया है और यह पिछले साल की सुस्ती के बाद बेहतर प्रदर्शन का संकेत देता है। अप्रैल में भी बेरोजगारी दर 4.3 प्रतिशत रही थी।
आंकड़ों के अनुसार, रोजगार वृद्धि व्यापक रही। स्थानीय सरकारों में 55,000, रेस्तरां और बार क्षेत्र में 48,000 तथा स्वास्थ्य सेवाओं में 35,000 नई नौकरियां जुड़ीं।
श्रम विभाग के संशोधनों के अनुसार, मार्च और अप्रैल में कुल 93,000 अतिरिक्त नौकरियां जोड़ी गईं। इसके साथ ही लगातार तीन महीनों से मासिक रोजगार वृद्धि एक लाख से अधिक बनी हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, रोजगार में वृद्धि हुई है, लेकिन वेतन वृद्धि सीमित रही है। औसत प्रति घंटा मजदूरी अप्रैल की तुलना में 0.3 प्रतिशत और पिछले वर्ष मई की तुलना में 3.4 प्रतिशत बढ़ी, जो अमेरिकी फेडरल रिजर्व के मुद्रास्फीति लक्ष्य के अनुरूप मानी जा रही है।
एपी योगेश अजय
अजय