टाटा पावर और केप्पेल ने टाटा रियल्टी के साथ कूलिंग सेवा समाधान के लिए की साझेदारी
टाटा पावर और केप्पेल ने टाटा रियल्टी के साथ कूलिंग सेवा समाधान के लिए की साझेदारी
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) टाटा पावर और केप्पेल लि. ने बृहस्पतिवार को टाटा रियल्टी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लि. के साथ एक समूह के जरिये साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के तहत चेन्नई के इंटेलियन पार्क में बड़े पैमाने पर कूलिंग-एज-ए-सर्विस (सीएएएस) समाधान उपलब्ध करायी जाएगी।
कूलिंग-एज-ए-सर्विस (सीएएएस) एक अभिनव, सेवा-आधारित व्यावसायिक मॉडल है, जहां ग्राहक कूलिंग उपकरण (जैसे एसी) खरीदने के बजाय केवल उपयोग की गई कूलिंग सेवा (ठंडी हवा या पानी) के लिए भुगतान करते हैं।
आधिकारिक बयान के अनुसार, टाटा पावर ट्रेडिंग कंपनी लिमिटेड (टाटा पावर की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई) ने केप्पेल की बुनिदायी ढांचा इकाई के साथ मिलकर इन्फोपार्क प्रॉपर्टीज लिमिटेड (टाटा रियल्टी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की इकाई) के साथ साझेदारी की है।
चेन्नई के तारामणि आईटी गलियारे में स्थित इंटेलियन पार्क 25.27 एकड़ में फैला है जिसमें विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) और गैर-एसईजेड दोनों शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, कुल 12,100 टीआर (टन ऑफ रेफ्रिजरेशन) क्षमता वाली इस परियोजना के अक्टूबर 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। यह 15 साल के अनुबंध के तहत संचालित होगी। उच्च दक्षता वाले उपकरणों, स्मार्ट नियंत्रण और बेहतर संचालन से इस समाधान से ऊर्जा खपत में लगभग 20 प्रतिशत की कमी आएगी।
इंटेलियन पार्क पहले से ही टाटा पावर कंपनी लि. से हरित ऊर्जा प्राप्त करता है तथा सीएएएस के जुड़ने से इसका कम कार्बन ऊर्जा परिवेश और मजबूत होगा।
टाटा पावर कंपनी लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक प्रवीर सिन्हा ने कहा कि भारत का वाणिज्यिक रियल एस्टेट क्षेत्र तेजी से बढ़ती कूलिंग जरूरतों के कारण ऊर्जा मांग का बड़ा स्रोत बन रहा है जो ‘इंडिया कूलिंग एक्शन प्लान’ के अनुरूप है।
केप्पेल के बुनियादी ढांचा इकाई की सीईओ सिंडी लिम ने कहा कि कूलिंग अब केवल एक सुविधा नहीं रह गई है, बल्कि यह इमारतों और व्यावसायिक परिसंपत्तियों के डिजाइन, संचालन तथा कार्बन मुक्त बनने के लक्ष्य का अहम हिस्सा बन गया है।
भाषा रमण योगेश
रमण

Facebook


