(TCS Hiring 2026/ Image Credit: facebook)
नई दिल्ली: TCS Hiring 2026: देश की सबसे बड़ी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 25,000 नए स्नातकों को नौकरी देने की योजना बनाई है। कंपनी के सीईओ के. कृतिवासन ने बताया कि यह भर्ती बाजार की स्थिति और मांग पर निर्भर करेगी। उन्होंने यह जानकारी एक इंटरव्यू में दी।
टीसीएस ने वित्त वर्ष 2025-26 में 44,000 फ्रेशर्स को नौकरी दी थी। जो निजी क्षेत्र में एक बड़ा आंकड़ा माना जाता है। कंपनी पिछले तीन वर्षों से हर साल 40,000 से अधिक नए ग्रेजुएट्स की भर्ती कर रही है। इससे साफ है कि टीसीएस लगातार युवा टैलेंट को अवसर दे रही है।
सीईओ ने कहा कि, आगे की नियुक्तियां पूरी तरह से बाजार की मांग पर आधारित होंगी। फिलहाल कंपनी अनुभवी कर्मचारियों की बड़ी भर्ती की योजना नहीं बना रही है। नए फ्रेशर्स को पहले लगभग नौ महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसके बाद उन्हें प्रोजेक्ट में शामिल किया जाता है।
वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 12,000 कर्मचारियों की छंटनी को लेकर कंपनी ने कहा कि इसका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से सीधा संबंध नहीं था। यह बदलाव प्रोजेक्ट के तरीके में बदलाव और वरिष्ठ स्तर पर जरूरत कम होने के कारण हुआ। कंपनी का कहना है कि अच्छे प्रदर्शन करने वालों के लिए लंबे समय तक अवसर मौजूद हैं।
टीसीएस ने वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 40 अरब डॉलर के नए कॉन्ट्रैक्ट हासिल किए हैं। कंपनी के पास प्रोजेक्ट्स की मजबूत पाइपलाइन बनी हुई है, जो वैश्विक आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक संकेत है। नए सौदे डिजिटल बदलाव और लागत कम करने से जुड़े क्षेत्रों से आ रहे हैं। जिससे भविष्य में ग्रोथ की उम्मीद है।