Balaghat Dowry Death Case / Image Source : IBC24
बालाघाट : Balaghat Dowry Death Case मध्य प्रदेश के बालाघाट ज़िले में दहेज की मांग ने एक नवविवाहिता की जान ले ली। नवेगांव की रहने वाली 26 वर्षीय प्रशांति उर्फ मोनिका की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच मृतका का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह ससुराल पक्ष की प्रताड़ना का जिक्र कर रही है। पुलिस इस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को प्रशांति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जिला अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में फांसी लगाकर मौत की बात सामने आई, लेकिन हालात संदिग्ध पाए गए। इसके बाद एफएसएल टीम ने ससुराल पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि शादी के बाद से ही प्रशांति को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मायके पक्ष के अनुसार, कई बार पैसे देने के बावजूद चार पहिया वाहन के लिए दबाव बनाया जाता रहा। वहीं, अब वायरल वीडियो में मृतका खुद सास-ससुर की प्रताड़ना का जिक्र करते हुए बेहद परेशान नजर आ रही है। फिलहाल पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।