मिर्जापुर में वकील हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

Ads

मिर्जापुर में वकील हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 07:01 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 07:01 PM IST

मिर्जापुर, 12 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के कटरा क्षेत्र में अधिवक्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैरों में गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने रविवार को बताया कि शनिवार को विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी विरोही निवासी अधिवक्ता राजीव सिंह (40) उर्फ रिंकू की सद्भावना नगर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कटरा थाने में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच टीमों का गठन किया गया था।

उन्होंने बताया कि यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं—103(1) (हत्या), 351(3) (आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने के उद्देश्य से अपमान) और 3(5) (साझा आपराधिक कृत्य)—के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात रॉबर्ट्सगंज तिराहे पर जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेंद्र सोनकर बताया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं और अधिवक्ता हत्याकांड में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत