टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स के आईपीओ को मिला 38.69 गुना अभिदान
टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स के आईपीओ को मिला 38.69 गुना अभिदान
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की कंपनी टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के आखिरी दिन 38.69 गुना बोलियां प्राप्त हुई।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के 251.88 करोड़ रुपये के आईपीओ में 83,17,190 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 32,17,81,040 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए कोटा को 65.06 गुना बोलियां मिलीं। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 42.26 गुना अभिदान या बोलियां मिलीं और खुदरा निवेशकों के हिस्से को 25.35 गुना बोलियां मिलीं।
टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स लिमिटेड ने पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को एंकर निवेशकों से 75.55 करोड़ रुपये जुटाए थे।
इस निर्गम के लिए प्रति शेयर 200-212 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया है।
आईपीओ में 95.05 लाख तक इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और प्रवर्तक कार्तिकेय कंस्ट्रक्शन्स द्वारा 23.76 लाख तक शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
नए शेयरों की बिक्री से मिलने वाली राशि में से 150 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी की कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा, जबकि बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
वर्ष 1998 में बनी टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स एक इंजीनियरिंग, खरीद और विनिर्माण (ईपीसी) कंपनी है जो सार्वजनिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में काम करती है।
कंपनी मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और दिल्ली में राज्य सरकारों और सरकारी एजेंसियों के लिए परियोजनायें पूरे करती है और इसने मध्य प्रदेश, बिहार और ओडिशा में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाई है।
कंपनी के शेयरों को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


