भारत में टेस्ला का विस्तार जारी, मॉडल वाई प्रीमियम पेश

Ads

भारत में टेस्ला का विस्तार जारी, मॉडल वाई प्रीमियम पेश

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 01:12 PM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 01:12 PM IST

नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) अमेरिकी वाहन विनिर्माता कंपनी टेस्ला ने भारत में विस्तार को जारी रखते हुए शुक्रवार को अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव (2026 संस्करण) पेश की। इसकी कीमत 50.89 लाख रुपये रखी गई है। यह भारत में कंपनी का अब तक का सबसे सस्ता मॉडल है।

इससे पहले कंपनी ने पिछले महीने छह-सीट वाली एसयूवी मॉडल वाईएल (कीमत 61.99 लाख रुपये) भारत में पेश की थी।

टेस्ला ने पिछले वर्ष भारत में बहुप्रतीक्षित प्रवेश करते हुए मॉडल वाई को 59.89 लाख रुपये की कीमत पर पेश किया था।

कंपनी की वरिष्ठ निदेशक इसाबेल फैन ने बयान में कहा, ‘‘ टेस्ला भारत में बेहतर इलेक्ट्रिक वाहन अनुभव के लिए निवेश जारी रखेगी। जल्द ही अधिक रिटेल नेटवर्क, बिक्री के बाद सेवाएं और चार्जिंग स्थान उपलब्ध होंगे।’’

कंपनी के अनुसार, मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव (मॉडल वाई का नया संस्करण) मार्च 2026 तक दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार रही है। इसके हार्डवेयर और डिजाइन में कई सुधार किए गए हैं जिससे प्रदर्शन एवं सुविधाएं बेहतर हुई हैं। इस मॉडल की आपूर्ति जुलाई 2026 से शुरू होगी।

यह वाहन एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर तक चल सकता है।

भाषा निहारिका

निहारिका