Dhamtari Skeleton Case: छत्तीसगढ़ में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद, खनन के दौरान मिले कंकाल, अब PCC चीफ ने उठाए गंभीर सवाल, की ये मांग

Ads

Dhamtari skeleton case: धमतरी जिले की एक रेत खदान में लगातार कंकाल मिलने के मामले ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 02:20 PM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 02:25 PM IST

dhamtari news/ image source: ibc24 file image

HIGHLIGHTS
  • रेत खदान में मिले कंकाल
  • दीपक बैज ने उठाए सवाल
  • फोरेंसिक जांच की मांग

Dhamtari skeleton case: रायपुर। धमतरी जिले की एक रेत खदान में कंकाल मिलने के मामले ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। इस मामले पर PCC चीफ Deepak Baij ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना साबित करती है कि प्रदेश में खनन माफिया के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन करने वाले अब श्मशान घाट और मरघट जैसी जगहों को भी नहीं छोड़ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक और संवेदनशील मामला है।

दीपक बैज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रेत खदान से मिले सभी कंकालों की फोरेंसिक जांच कराई जाए। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि यह भी जांच का विषय होना चाहिए कि जिन लोगों के कंकाल मिले हैं, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। PCC चीफ ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि किसी प्रकार की आपराधिक साजिश है तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। जहां इंसानों की अंतिम विदाई होती है… जहां आस्था, परंपरा और संवेदनाएं जुड़ी होती हैं… उसी श्मशान घाट को रेत माफियाओं ने अपनी कमाई का जरिया बना डाला। महानदी किनारे स्थित खरेंगा रेत खदान में अवैध उत्खनन के दौरान एक नहीं, दो नहीं बल्कि करीब दस मानव कंकाल निकलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफियाओं ने पैसे के लालच में सारी हदें पार कर दीं और श्मशान भूमि तक को नहीं छोड़ा।

सुबह का वक्त… महानदी का किनारा… रेत निकालते ट्रैक्टर… और अचानक खुदाई के बीच जमीन से बाहर आने लगे मानव कंकाल। यह दृश्य देखकर मजदूरों के हाथ रुक गए। कुछ ही देर में खबर पूरे गांव में फैल गई। लोग मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर हर कोई दंग रह गया।

बताया जा रहा है कि खरेंगा रेत खदान में अवैध तरीके से रेत उत्खनन किया जा रहा था। इसी दौरान खुदाई में करीब दस मानव कंकाल निकले। ग्रामीणों का दावा है कि इनमें से कुछ कंकाल हाल ही के लग रहे थे। जिस जगह से कंकाल मिले, ग्रामीण उसे श्मशान घाट क्षेत्र बता रहे हैं। यानी वो जगह, जहां गांव के लोग वर्षों से अंतिम संस्कार करते आ रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफियाओं ने मुनाफे के लिए इंसानी संवेदनाओं तक को कुचल दिया। श्मशान घाट जैसी पवित्र जगह को भी नहीं छोड़ा गया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां अवैध खनन चल रहा था, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा रहा।

रेत माफियाओं पर गंभीर आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि महानदी से ट्रैक्टरों के जरिए लगातार रेत निकाली जाती रही और ये पूरा खेल खुलेआम चलता रहा। रेत से भरे वाहन गांव से होकर धमतरी तक पहुंचते रहे, लेकिन ना खनिज विभाग ने कार्रवाई की और ना प्रशासन ने सख्ती दिखाई।

अब जब मानव कंकाल मिलने लगे तो लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि ये सिर्फ अवैध खनन का मामला नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।

गांव की महिलाओं में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि जिन जगहों पर उनके पूर्वजों का अंतिम संस्कार हुआ, उसी जमीन को मशीनों और ट्रैक्टरों से खोद डाला गया। श्मशान घाट की खुदाई ने गांव के लोगों को भीतर तक झकझोर दिया है। अब ग्रामीण प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इन्हें भी पढ़ें:

मामला कहां का है?

धमतरी की रेत खदान का मामला।

बयान किसने दिया?

PCC चीफ Deepak Baij ने।

क्या मांग की गई?

कंकालों की फोरेंसिक जांच की मांग।