अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत फिर चार डॉलर प्रति गैलन पर पहुंची
अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत फिर चार डॉलर प्रति गैलन पर पहुंची
न्यूयॉर्क, 20 जुलाई (एपी) अमेरिका और ईरान के बीच हमलों के नए दौर के बीच सोमवार को अमेरिका में पेट्रोल की औसत खुदरा कीमत फिर बढ़कर चार डॉलर प्रति गैलन पर पहुंच गई।
मोटर क्लब फेडरेशन एएए के अनुसार, नियमित श्रेणी के पेट्रोल की राष्ट्रीय औसत कीमत अब चार डॉलर प्रति गैलन हो गई है। एक साल पहले यह औसतन 3.14 डॉलर प्रति गैलन थी।
यह राष्ट्रीय औसत कीमत है। इसका मतलब है कि कुछ राज्यों में वाहन चालक पहले से ही चार डॉलर प्रति गैलन से अधिक कीमत चुका रहे हैं, जबकि कुछ अन्य राज्यों में कीमत इससे कम है। राज्यों के बीच पेट्रोल की कीमतों में अंतर स्थानीय आपूर्ति, कर की अलग-अलग दरों तथा अन्य कारणों से होता है।
युद्ध के कारण दुनिया के अन्य देशों में भी लोग पेट्रोल की ऊंची कीमतों का सामना कर रहे हैं।
मार्च के अंत में अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत पहली बार चार डॉलर प्रति गैलन से ऊपर पहुंची थी। जून के मध्य में यह इससे नीचे आ गई थी और अमेरिका तथा ईरान के बीच अंतरिम समझौता होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से इसमें और गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, तब भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात पर नाराजगी जताई थी कि पेट्रोल की कीमतों में कच्चे तेल की तुलना में अपेक्षित तेजी से कमी नहीं आ रही है।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव सोमवार को 3.2 प्रतिशत बढ़कर 90.95 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी मानक वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड 2.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84.04 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
एपी योगेश अजय
अजय

Facebook


