सरकार सोमवार को महत्वपूर्ण खनिजों के ब्लॉक की नीलामी का सातवां चरण शुरू करेगी
सरकार सोमवार को महत्वपूर्ण खनिजों के ब्लॉक की नीलामी का सातवां चरण शुरू करेगी
नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) सरकार सोमवार को महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों के लिए नीलामी का सातवां चरण शुरू करेगी, जिसके तहत कई राज्यों में फैले 19 ब्लॉक को बिक्री के लिए रखा जाएगा।
यह घटनाक्रम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि वैश्विक आपूर्ति शृंखला में व्यवधानों के बीच सरकार का लक्ष्य स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत प्रौद्योगिकियों, उर्वरकों और रणनीतिक क्षेत्रों में भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है।
अब तक, सरकार नीलामी के छह दौर आयोजित कर चुकी है, जिसमें 46 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉक की बिक्री की जा चुकी है।
खान मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘इस दिशा में आगे बढ़ते हुए सातवें चरण में खनन पट्टे और संयुक्त लाइसेंस के तहत कई राज्यों में 19 ब्लॉक पेश किए जाएंगे।’’
देश की आर्थिक वृद्धि और खनिज सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण खनिज बेहद जरूरी हैं। स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत प्रौद्योगिकियों की ओर वैश्विक झुकाव ने लिथियम, ग्रेफाइट, दुर्लभ मृदा तत्व, टंगस्टन, वैनेडियम, टाइटेनियम और अन्य दुर्लभ धातुओं जैसे खनिजों की मांग में काफी वृद्धि कर दी है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी, कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे के साथ 23 मार्च को महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉक की नीलामी के सातवें चरण की शुरुआत करेंगे।’’
एक अलग बयान में मंत्रालय ने कहा कि वह सोमवार और मंगलवार को यहां राष्ट्रीय जिला खनिज फाउंडेशन शिखर सम्मेलन 2026 का भी आयोजन करेगा।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


