शुरुआती कारोबार में रुपया 21 पैसे टूटकर 91.29 प्रति डॉलर पर

Ads

शुरुआती कारोबार में रुपया 21 पैसे टूटकर 91.29 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 10:31 AM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 10:31 AM IST

मुंबई, दो मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 21 पैसे गिरकर 91.29 प्रति डॉलर पर आ गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 91.23 पर खुला और शुरुआती सौदों में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 91.29 तक फिसल गया।

शुक्रवार को रुपया 17 पैसे की गिरावट के साथ 91.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में नकारात्मक रुख और विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली से भी रुपये पर दबाव बना हुआ है।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 7,536.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.91 प्रतिशत बढ़कर 76.78 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत बढ़कर 97.78 पर कारोबार कर रहा था।

विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर सैन्य हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। हालिया हमलों में अमेरिकी और इजराइली बलों ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों और नौसैनिक संसाधनों को निशाना बनाया। इससे पहले हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से भारत का आयात बिल बढ़ने का खतरा है, क्योंकि देश अपनी लगभग 85 प्रतिशत ईंधन जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है।

भाषा प्रेम प्रेम

प्रेम