कच्चे तेल के दाम में उछाल के बीच रुपया 34 पैसे टूटकर 95.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ

कच्चे तेल के दाम में उछाल के बीच रुपया 34 पैसे टूटकर 95.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ

कच्चे तेल के दाम में उछाल के बीच रुपया 34 पैसे टूटकर 95.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ
Modified Date: September 9, 2026 / 08:58 pm IST
Published Date: September 9, 2026 8:58 pm IST

मुंबई, नौ सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 34 पैसे लुढ़ककर 95.08 के स्तर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से महंगाई तथा विदेशी मुद्रा की अधिक निकासी की आशंका से रुपये पर दबाव रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कमजोर शेयर बाजार और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली से भी रुपये पर दबाव बढ़ा।

पश्चिम एशिया में तेल संयंत्रों और टैंकर पर हुए हमलों के बाद ब्रेंट कच्चे तेल का वायदा भाव करीब छह सप्ताह में पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव के दौरान पहले से प्रभावित आपूर्ति व्यवस्था पर और दबाव बढ़ने की आशंका से तेल की कीमतों में तेजी आई। ब्रेंट क्रूड 2.94 प्रतिशत बढ़कर 100.73 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 94.80 पर खुला, जो दिन का उच्चतम स्तर भी था। बाद में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपया कमजोर होकर 95.22 के निचले स्तर तक आया। अंत में रुपया 95.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव 94.74 से 34 पैसे की गिरावट है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत बढ़कर 98.84 पर पहुंच गया।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण आज रुपये में गिरावट आई। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर के स्तर को पार कर गया। एफआईआई की बिकवाली ने भी रुपये पर दबाव डाला। हालांकि, कमजोर डॉलर के कारण रुपये ने शुरुआती नुकसान की कुछ भरपाई की।’’

इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी सेना ने अपने युद्धपोत पर हुए हमलों के जवाब में ईरान के पांच तेल टैंकर को निशाना बनाया। इसके बाद ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 813.35 अंक गिरकर 74,764.23 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 203.60 अंक फिसलकर 23,431.50 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 582.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में