दिल्ली सरकार ने पूंजीगत व्यय के लिए बाजार से 25,000 करोड़ रुपये जुटाए: रेखा गुप्ता

दिल्ली सरकार ने पूंजीगत व्यय के लिए बाजार से 25,000 करोड़ रुपये जुटाए: रेखा गुप्ता

दिल्ली सरकार ने पूंजीगत व्यय के लिए बाजार से 25,000 करोड़ रुपये जुटाए: रेखा गुप्ता
Modified Date: September 15, 2026 / 10:02 pm IST
Published Date: September 15, 2026 10:02 pm IST

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में पूंजीगत व्यय के लिए बाजार से 25,000 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

गुप्ता ने ‘इंजीनियर्स डे’ पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले साल फरवरी में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें पता चला कि दिल्ली सरकार का केंद्र के साथ साझा खाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने बाजार से कर्ज लेकर पूंजीगत व्यय के लिए धन जुटाने की योजना बनाई थी, लेकिन हमें पता चला कि दिल्ली (सरकार) ऐसा नहीं कर सकती क्योंकि उसका अलग खाता नहीं था। इसके बाद छह महीने में हमने केंद्र से अपना खाता अलग कराया और सार्वजनिक ऋण की अनुमति प्राप्त की।’’

गुप्ता ने कहा कि इसके बाद सरकार ने 25,000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया, जिसका इस्तेमाल शहर में पूंजीगत व्यय के लिए किया जा रहा है।

दिल्ली सरकार ने जनवरी में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत केंद्रीय बैंक दिल्ली सरकार के बैंकर, ऋण प्रबंधक और वित्तीय एजेंट के रूप में काम कर सकेगा।

इस कदम से राज्य विकास ऋण के जरिये बाजार से कर्ज लेने, अतिरिक्त नकदी के स्वत: निवेश, पेशेवर नकदी प्रबंधन और केंद्र सरकार तथा आरबीआई अधिनियम के तहत निर्धारित कम लागत वाली नकदी सुविधा तक पहुंच का रास्ता साफ हुआ है।

जुटाई गई राशि का इस्तेमाल यमुना के पुनरुद्धार, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य अवसंरचना, सार्वजनिक परिवहन, सड़कों और फ्लाईओवर के लिए किया जाएगा।

भाषा

यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में