अमेरिकी अर्थव्यवस्था जून तिमाही में 2.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी

अमेरिकी अर्थव्यवस्था जून तिमाही में 2.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी

अमेरिकी अर्थव्यवस्था जून तिमाही में 2.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी
Modified Date: September 30, 2026 / 07:00 pm IST
Published Date: September 30, 2026 7:00 pm IST

वाशिंगटन, 30 सितंबर (एपी) दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) अप्रैल-जून तिमाही में सालाना आधार पर 2.2 प्रतिशत की दर से बढ़ा। इस दौरान उपभोक्ता खर्च और कारोबारी निवेश में मजबूती रही।

अमेरिकी वाणिज्य विभाग के बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, जीडीपी की वृद्धि दर जनवरी-मार्च तिमाही की 2.5 प्रतिशत दर से कम रही। हालांकि, जून तिमाही की वृद्धि विभाग के पिछले अनुमान 1.5 प्रतिशत से अधिक है।

अमेरिकी आर्थिक गतिविधियों में करीब 70 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाला उपभोक्ता व्यय जून तिमाही में 3.8 प्रतिशत की दर से बढ़ा, जबकि मार्च तिमाही में यह सिर्फ 0.7 प्रतिशत बढ़ा था।

हालांकि, आयात में तेज वृद्धि ने समग्र वृद्धि को कम कर दिया। अप्रैल-जून में आयात 12.6 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ा। कंप्यूटर चिप और कृत्रिम मेधा (एआई) में निवेश से जुड़ी अन्य वस्तुओं के आयात में उछाल के कारण दूसरी तिमाही की जीडीपी वृद्धि करीब 1.7 प्रतिशत अंक कम रही।

आवास क्षेत्र को छोड़कर कारोबारी निवेश जून तिमाही में नौ प्रतिशत की दर से बढ़ा, जो कृत्रिम मेधा (एआई) में निवेश की तेजी को दर्शाता है। वहीं, अर्थव्यवस्था की अंतर्निहित मजबूती को दर्शाने वाला माप पहली तिमाही के 1.8 प्रतिशत के मुकाबले दूसरी तिमाही में 4.6 प्रतिशत की मजबूत दर से बढ़ा।

आवास क्षेत्र में निवेश 2.8 प्रतिशत बढ़ा और 2024 के अंत के बाद पहली बार इसमें वृद्धि दर्ज की गई। ऊंची ब्याज दरों के कारण आवास बाजार पर दबाव रहा है।

बुधवार को जारी आंकड़ा जून तिमाही की जीडीपी वृद्धि का तीसरा और अंतिम अनुमान है। जुलाई-सितंबर तिमाही के आर्थिक वृद्धि के शुरुआती आंकड़े 29 अक्टूबर को जारी किए जाएंगे।

एपी प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में