टाइटन छोटी और उभरती घड़ी कंपनियों में निवेश या अधिग्रहण के लिए तैयार
टाइटन छोटी और उभरती घड़ी कंपनियों में निवेश या अधिग्रहण के लिए तैयार
बेंगलुरु, 20 सितंबर (भाषा) प्रमुख घड़ी विनिर्माता टाइटन कंपनी अपने प्रीमियम और लक्जरी घड़ी कारोबार का विस्तार कर रही है और वृद्धि की रणनीति के तहत छोटी तथा उभरती घड़ी कंपनियों में निवेश या उनका अधिग्रहण करने के विकल्प पर विचार कर रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
टाटा समूह की कंपनी को इस साल त्योहारी मौसम में उपभोक्ता मांग मजबूत रहने की उम्मीद है।
टाइटन कंपनी की मुख्य विपणन अधिकारी रंजनी कृष्णास्वामी ने कहा कि इस साल शादी का मौसम जल्दी शुरू होने और दिवाली देर से पड़ने से भी मांग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी माना कि कंपनी बढ़ती मांग के अनुरूप अपनी आपूर्ति क्षमता बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
कृष्णास्वामी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हम बहुत मजबूत मांग देख रहे हैं। त्योहारी मौसम की शुरुआत काफी अच्छी रही है। हम बहुत आशावादी हैं और सच कहें तो मांग पूरी करने के लिए जरूरी क्षमता सुनिश्चित करने में हमें चुनौती आ रही है।’’
वृद्धि की रणनीति के तहत अधिग्रहण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि टाइटन ऐसे अवसरों का मूल्यांकन कर रही है जो कंपनी की दीर्घकालिक वृद्धि की योजनाओं के अनुरूप हों और विभिन्न क्षेत्रों तथा बाजारों में उसकी मौजूदगी को मजबूत करने में मदद करें।
उन्होंने टाइटन समूह के आभूषण कारोबार में किए गए पिछले अधिग्रहणों का जिक्र करते हुए कहा कि कंपनी छोटी घड़ी कंपनियों में निवेश करने या उनका अधिग्रहण करने पर भी विचार कर सकती है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


