टाइटन अपने वृद्धि लक्ष्य को हासिल करने के लिए सही दिशा में अग्रसर : प्रबंध निदेशक
टाइटन अपने वृद्धि लक्ष्य को हासिल करने के लिए सही दिशा में अग्रसर : प्रबंध निदेशक
नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) टाइटन कंपनी के प्रबंध निदेशक अजय चावला ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कारोबार में जो मजबूत वृद्धि दर्ज की गई थी, उसका सिलसिला जुलाई में भी जारी रहा है।
उन्होंने कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में मजबूत शुरुआत के बाद अपने वृद्धि लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
अप्रैल-जून तिमाही के नतीजों के बाद विश्लेषकों से बातचीत में चावला ने कहा, ‘पहली तिमाही में जो वृद्धि देखने को मिली, जुलाई का प्रदर्शन भी खराब नहीं रहा। पिछले चार महीनों में कारोबार को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं।’
उन्होंने कहा कि निकट भविष्य का प्रदर्शन बाहरी परिस्थितियों पर निर्भर करेगा, लेकिन कंपनी पहले से तय वृद्धि लक्ष्यों को हासिल करने की राह पर है और इस वित्त वर्ष में उससे बेहतर प्रदर्शन भी कर सकती है।
टाइटन के कुल राजस्व में लगभग 90 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले आभूषण कारोबार के बारे में उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2029-30 के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए इस कारोबार में दोहरे अंक की मजबूत मूल्य वृद्धि बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने कहा, ‘हम आभूषण कारोबार में दोहरे अंक की मजबूत मूल्य वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध हैं, क्योंकि वित्त वर्ष 2029-30 के हमारे लक्ष्यों तक पहुंचने का यही रास्ता है। एक-दो तिमाहियों के बेहतर प्रदर्शन को असाधारण उपलब्धि के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। केवल हमने ही नहीं, पूरे बाजार ने अच्छा प्रदर्शन किया है।’
हालांकि, उन्होंने बेहतर या कमजोर अल्पकालिक प्रदर्शन के आधार पर कोई निष्कर्ष निकालने से बचने की सलाह दी।
टाइटन ने इस वर्ष की शुरुआत में वित्त वर्ष 2025-26 को आधार मानते हुए वित्त वर्ष 2029-30 तक अपना एकीकृत राजस्व और परिचालन लाभ (ईबीआईटी) दोगुना करने की रणनीति घोषित की थी।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


