अमेरिका के साथ व्यापार समझौते से भारत के कपड़ा क्षेत्र को मिलेगी मजबूती: गिरिराज सिंह
अमेरिका के साथ व्यापार समझौते से भारत के कपड़ा क्षेत्र को मिलेगी मजबूती: गिरिराज सिंह
नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से देश के कपड़ा क्षेत्र को एक ‘निर्णायक मजबूती’ मिलेगी। उन्होंने कहा कि कम शुल्क से निर्यात प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ेगी, नए अवसर खुलेंगे और श्रम-प्रधान क्षेत्रों में अच्छी नौकरियां सृजित होंगी।
गौरतलब है कि अमेरिका, भारत के कपड़ा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा निर्यात बाजार है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ फोन पर बातचीत के बाद कहा कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं। इसके तहत वाशिंगटन भारतीय सामानों पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। समझौते का विवरण अभी जारी नहीं किया गया है।
सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत-अमेरिका व्यापार समझौता वस्त्र, कालीन और चमड़े के लिए एक निर्णायक बढ़ावा है। कम शुल्क भारत की प्रतिस्पर्धी क्षमता को मजबूत करेंगे, निर्यात के नए अवसर खोलेंगे, एमएसएमई का समर्थन करेंगे और श्रम-प्रधान क्षेत्रों में अच्छी नौकरियां पैदा करेंगे – जिससे कपड़ा में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में भारत की यात्रा में तेजी आएगी।’’
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


