जून तिमाही में प्रचारात्मक कॉल पर ट्राई की सख्ती, 1.48 अरब कॉल को किया ब्लॉक

Ads

जून तिमाही में प्रचारात्मक कॉल पर ट्राई की सख्ती, 1.48 अरब कॉल को किया ब्लॉक

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 08:47 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 08:47 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 140 नंबर शृंखला के जरिये करीब 13.16 अरब प्रचारात्मक कॉल की गईं, जिनमें से 1.48 अरब कॉल को उपभोक्ताओं की ‘डू-नॉट-डिस्टर्ब’ (डीएनडी) प्राथमिकताओं के आधार पर ब्लॉक कर दिया गया। दूरसंचार नियामक ट्राई ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में अवांछित वाणिज्यिक संचार पर कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट कहती है कि पंजीकृत प्रेषकों/टेलीमार्केटर्स द्वारा भेजे गए वाणिज्यिक एसएमएस की संख्या करीब 248.06 अरब रही। इनमें से 7.30 अरब विज्ञापन एसएमएस भी डीएनडी प्राथमिकताओं के आधार पर रोके गए।

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) की नवीनतम रिपोर्ट के मुताबिक, इस तिमाही में 1600 शृंखला वाले नंबर के जरिये भी 1.15 अरब कॉल की गईं।

ट्राई ने विज्ञापन एवं बिक्री मकसद से की जाने वाली कॉल की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 140 शृंखला और बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा क्षेत्र एवं सरकारी संचार के लिए 1600 शृंखला शुरू की है। इनकी शुरुआत के पीछे मकसद यह है कि उपभोक्ता ऐसे कॉल को आसानी से पहचानकर स्वीकार या अस्वीकार कर सकें।

ट्राई ने कहा कि एआई-आधारित स्पैम पहचान प्रणाली ने 24.43 अरब संदिग्ध कॉल/एसएमएस की पहचान की। इसके तहत उपभोक्ताओं को सतर्क रहने या कॉल को नजरअंदाज करने का विकल्प मिला। साथ ही, एक सप्ताह के भीतर संदिग्ध प्रेषकों को 2.43 लाख से अधिक चेतावनी नोटिस जारी किए गए।

नियामक ने बताया कि तिमाही के दौरान 1.83 लाख दूरसंचार संसाधनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और 263 प्रेषकों को ब्लैकलिस्ट किया गया।

ट्राई ने कहा, ‘‘दोहराए जाने वाले उल्लंघनों को रोकने के लिए आउटगोइंग सेवाओं पर रोक, दीर्घकालिक डिस्कनेक्शन, सभी ऑपरेटरों में ब्लैकलिस्टिंग और एसएमएस हेडर ब्लॉकिंग जैसे कदम उठाए गए।’’

देश में अप्रैल-जून तिमाही के दौरान कुल 730.82 अरब कॉल किए गए, जिनके मुकाबले अनचाहे वाणिज्यिक संचार से जुड़ी शिकायतें 10.85 लाख रहीं। इस तरह प्रति दस लाख कॉल पर करीब 1.5 शिकायतें दर्ज हुईं।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय