मुंबई, चार अगस्त (भाषा) नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) पर अंतरराष्ट्रीय मालवहन सेवा शुरू हो गई है। पहली कार्गो उड़ान शारजाह के लिए संचालित की गई।
एनएमआईए ने मंगलवार को कहा कि दो अगस्त को इस सेवा की शुरुआत हो जाने के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र और पश्चिमी भारत के लिए एक नए कार्गो गेटवे के रूप में हवाई अड्डे की भूमिका मजबूत हुई है।
इंडिगो कार्गो की तरफ से संचालित पहली मालढुलाई उड़ान में करीब 20 टन माल भेजा गया। इसमें मुंबई और अहमदाबाद से बॉन्डेड ट्रकिंग के जरिये लाया गया ट्रांसफर कार्गो भी शामिल था।
हवाई अड्डा संचालक ने कहा कि यह पहल उसके एकीकृत कार्गो परिवेश को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है, जिसे घरेलू, अंतरराष्ट्रीय, एक्सप्रेस और ट्रांजिट कार्गो सेवाओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
एनएमआईए के प्रवक्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मालढुलाई सेवा की शुरुआत कंपनी के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और इससे क्षेत्र में नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को एक प्रमुख एयर कार्गो हब के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय