मांग मजबूत रहने से जनवरी में वाहन कंपनियों की बिक्री बढ़ी

Ads

मांग मजबूत रहने से जनवरी में वाहन कंपनियों की बिक्री बढ़ी

  •  
  • Publish Date - February 2, 2026 / 06:02 PM IST,
    Updated On - February 2, 2026 / 06:02 PM IST

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा और हुंदै जैसी प्रमुख वाहन कंपनियों ने जनवरी में बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की है। पिछले साल त्योहारी सीजन के दौरान जीएसटी सुधारों से मिली गति के कारण बिक्री में यह तेजी बनी हुई है।

देश की अग्रणी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि पिछले महीने विक्रेताओं को उसके घरेलू यात्री वाहनों की आपूर्ति बढ़कर 1,74,529 इकाई रही, जो पिछले साल इसी महीने में 1,73,599 इकाई थी।

आल्टो और एस-प्रेसो जैसी छोटी कारों की बिक्री मामूली रूप से बढ़कर 14,268 इकाई रही। वहीं बलेनो, डिजायर, इग्निस और स्विफ्ट सहित मझोली (कॉम्पैक्ट) कारों की बिक्री पिछले साल की 82,241 इकाइयों से घटकर 72,738 इकाई रह गई।

हालांकि, ग्रैंड वितारा, ब्रेजा और एर्टिगा जैसे वाहनों (यूटिलिटी) की बिक्री बढ़कर 75,609 इकाई हो गई, जो एक साल पहले 65,093 इकाई थी।

मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने कहा कि कंपनी ने 2,36,963 इकाइयों की अब तक की सबसे अधिक मासिक कुल बिक्री दर्ज की है।

उन्होंने कहा, ‘हमें 2.78 लाख से अधिक इकाइयों की बुकिंग मिली है, जो सालाना आधार पर 25 प्रतिशत की वृद्धि है। बाजार से हमें हर दिन लगभग 9,000 से 10,000 बुकिंग मिल रही हैं।’

उन्होंने बताया कि नयी एसयूवी ‘विक्टोरिस’ ने पांच महीने में 50,000 इकाइयों का आंकड़ा पार कर लिया है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने बताया कि पिछले महीने उसकी घरेलू बिक्री 46 प्रतिशत बढ़कर 70,222 इकाई रही। जनवरी 2025 में यह 48,076 इकाई थी।

महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू बिक्री 25 प्रतिशत बढ़कर 63,510 इकाई रही, जो बीते वित्त वर्ष के जनवरी में 50,659 इकाई थी। हुंदै मोटर इंडिया की घरेलू थोक बिक्री नौ प्रतिशत बढ़कर 59,107 इकाई हो गई, जो बीते वित्त वर्ष के समान महीने में 54,003 इकाई थी।

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) की घरेलू बिक्री 17 प्रतिशत बढ़कर 30,630 इकाई रही। टीकेएम के कार्यकारी उपाध्यक्ष सबरी मनोहर ने कहा कि वर्ष 2026 की शुरुआत उत्साहजनक रही है।

किया इंडिया की बिक्री जनवरी में 10 प्रतिशत बढ़कर 27,603 इकाई रही। कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल सूद ने कहा कि नयी पीढ़ी की सेल्टोस, सोनेट और कैरेंस की मांग से पोर्टफोलियो को मजबूती मिली है।

दोपहिया क्षेत्र में, हीरो मोटोकॉर्प की बिक्री 26 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,20,208 इकाई रही। वहीं, रॉयल एनफील्ड की घरेलू बिक्री पिछले महीने 16 प्रतिशत बढ़कर 93,781 इकाई पर पहुंच गई, जो जनवरी 2025 में 81,052 इकाई थी।

भाषा सुमित पाण्डेय

पाण्डेय