धार्मिक पर्यटन, रक्षा और एमएसएमई उत्तर प्रदेश में वृद्धि के प्रमुख क्षेत्र: एक्सिस बैंक

Ads

धार्मिक पर्यटन, रक्षा और एमएसएमई उत्तर प्रदेश में वृद्धि के प्रमुख क्षेत्र: एक्सिस बैंक

  •  
  • Publish Date - September 7, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - September 7, 2026 / 10:26 PM IST

लखनऊ, सात सितंबर (भाषा) एक्सिस बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमिताभ चौधरी ने सोमवार को कहा कि बैंक ने धार्मिक पर्यटन, रक्षा क्षेत्र और सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को उत्तर प्रदेश में कारोबार के प्रमुख अवसर वाले क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया है।

चौधरी ने कहा कि काशी, प्रयागराज, अयोध्या और मथुरा-वृंदावन को जोड़ने वाला उभरता धार्मिक पर्यटन गलियारा बैंक के लिए बैंकिंग और प्रौद्योगिकी सेवाओं के विस्तार का महत्वपूर्ण अवसर है।

लखनऊ में बैंक की ‘स्पर्श’ पहल की शुरुआत करने आए चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का बड़ा बाजार, बेहतर होती संपर्क सुविधाएं और औद्योगिक तथा पर्यटन आधारित विकास पर सरकार का जोर इस राज्य को बैंक के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाता है।

उन्होंने बताया कि ‘स्पर्श’ पहल का उद्देश्य बैंक के कर्मचारियों को एकजुट करना और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण को मजबूत करना है। इसके तहत ग्राहकों की जरूरतों को समझने, उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करने और बेहतर सेवा अनुभव देने पर जोर दिया जाता है।

चौधरी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘अगर मैं उत्तर प्रदेश में मजबूत हो सकता हूं, तो कुछ अन्य राज्यों में जाकर बड़ा बनने की मेरी क्षमता आसान हो जाती है, क्योंकि मैं पहले से इतना मजबूत हूं।’’

उन्होंने उत्तर प्रदेश को एक्सिस बैंक के लिए प्रमुख बाजार बताया।

चौधरी ने कहा कि राज्य में विनिर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, रक्षा और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में वृद्धि हो रही है। बेहतर राजमार्गों और संपर्क सुविधाओं ने भी कारोबारों के लिए राज्य में अपना संचालन स्थापित करना आसान बनाया है।

चौधरी ने कहा, ‘‘यहां पर्यटन बहुत बड़ा हो गया है।’’

उन्होंने अयोध्या में बढ़ती आवाजाही और काशी, प्रयागराज तथा अयोध्या के बीच उभरते पर्यटन गलियारे का उल्लेख किया।

उन्होंने मथुरा-वृंदावन को भी प्रमुख क्षेत्र बताया और कहा कि कई ऐसे क्षेत्र उभर रहे हैं जो वास्तव में उत्तर प्रदेश को अगले स्तर पर ले जा सकते हैं।

धार्मिक पर्यटन क्षेत्र में बैंक के अवसरों के बारे में चौधरी ने कहा कि एक्सिस बैंक मंदिरों और धार्मिक प्रतिष्ठानों को प्रौद्योगिकी आधारित समाधान उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा है। इसका उद्देश्य लेनदेन में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि बैंक वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में पहले से डिजिटल समाधान उपलब्ध करा रहा है। इनमें दान, बुकिंग और प्रसाद से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा दानदाताओं को प्रमाणपत्र जल्दी उपलब्ध कराने की सुविधा भी है।

भाषा

भाषा किशोर आनन्द सुरभि योगेश

योगेश

योगेश