नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) मज़बूत वैश्विक रुख के कारण बुधवार को वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल आया। चांदी की कीमत लगभग चार प्रतिशत या 9,665 रुपये बढ़कर 2.62 लाख रुपये प्रति किग्रा हो गई और सोने की कीमत बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कमजोर डॉलर तथा अमेरिका और ईरान के बीच नए भू-राजनीतिक तनाव ने सुरक्षित निवेश मानी जानी वाली परिसंपत्तियों की मांग बढ़ा दी है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में, मार्च डिलिवरी वाली चांदी अनुबंध की कीमत 9,665 रुपये या 3.83 प्रतिशत बढ़कर 2,62,213 रुपये प्रति किग्रा हो गई। मंगलवार को चांदी की कीमत 10,072 रुपये या लगभग चार प्रतिशत घटकर 2,52,548 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई थी।
सोना वायदा में भी लिवाली देखी गई, जिसमें अप्रैल माह में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 1,397 रुपये या 0.89 प्रतिशत बढ़कर 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। पिछले सत्र में, सोने की कीमत 1,56,803 रुपये प्रति 10 ग्राम पर नीचे बंद हुई थी।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘एमसीएक्स में सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़ा, और 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर के स्तर पर वापस आ गया, जबकि चांदी ने लगभग तीन प्रतिशत की बढ़त के साथ सोने से बेहतर प्रदर्शन किया, और 2.60 लाख रुपये प्रति किग्रा को पार कर गई।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिका के कमजोर आर्थिक आंकड़े से ब्याज दर कटौती की उम्मीद बढ़ने और धीमी वृद्धि दर रहने के संकेत मिलने के बाद कारोबारी धारणा मजबूत हुई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, मार्च माह में डिलिवरी वाले कॉमेक्स चांदी वायदा 3.11 डॉलर या चार प्रतिशत बढ़कर 83.50 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि अप्रैल डिलिवरी वाला सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 5,071.86 डॉलर प्रति औंस हो गया।
डॉलर इंडेक्स 0.23 प्रतिशत गिरकर 96.59 पर कारोबार कर रहा था, जिससे वैश्विक बाजार में सर्राफा कीमतों को और समर्थन मिला।
एक विशेषज्ञ ने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान के बीच नए तनाव ने भी सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली परिसंपत्तियों की मांग बढ़ा दी है।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय