नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लि. (वाईआईएपीएल) ने उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के विकास के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से 3,725 करोड़ रुपये का ऋण जुटाया है।
वाईआईएपीएल ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल की 100 प्रतिशत अनुषंगी है। इसका गठन जेवर में हवाईअड्डे के विकास के लिए किया गया है। यह दिल्ली से करीब 70 किलोमीटर है।
वाईआईएपीएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा, ‘‘पूरा 3,725 करोड़ रुपये का ऋण एसबीआई ने डोर-टू-डोर 20 साल की अवधि के लिए है। हम नोएडा में विश्वस्तरीय हवाईअड्डे के विकास के लिए एसबीआई के साथ मिलकर काम करेंगे।’’
डोर-टू-डोर ऋण अवधि से तात्पर्य यह है कि समूची मूल राशि मय ब्याज 20 साल के अंदर लौटानी होगी।
बयान में कहा गया है कि वाईआईएपीएल को अब उत्तर प्रदेश की पुनर्वास और पुन:स्थापना प्रक्रिया के पूरे होने और हवाईअड्डे का निर्माण शुरू होने का इंतजार है।
भाषा अजय अजय मनोहर
मनोहर